लखनऊ : कानपुर में भाजपा के दक्षिण जिला मंत्री रहे नारायण सिंह भदौरिया की बुधवार को हुई बर्थडे पार्टी में पुलिस की गिरफ्त से फरार हिस्ट्रीशीटर 25 हजार के इनामी मनोज सिंह को नौबस्ता पुलिस ने शुक्रवार को बर्रा-8 से गिरफ्तार कर लिया। वहीं, नारायण सिंह को नोएडा स्थित उसके फ्लैट से रॉकी यादव और गोपाल शरण चौहान के साथ धर दबोचा।
पुलिस ने एक ही दिन में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में बड़ी कामयाबी हासिल की है। आठ नामजद अब भी फरार हैं। उधर, भाजपा के प्रदेश नेतृत्व ने नारायण भदौरिया को पार्टी से भी निष्कासित कर दिया है। हमीरपुर रोड स्थित आकर्षक गेस्ट हाउस में हुई घटना के बाद भाजपा ने नारायण सिंह भदौरिया को पद से हटा दिया था।
पुलिस ने नारायण समेत 12 नामजद और 10 अज्ञात पर एफआईआर दर्ज की थी। सूचना पर पुलिस ने शुक्रवार को मनोज सिंह को बर्रा आठ सर्वोदय अस्पताल के सामने से गिरफ्तार कर लिया। वहीं सर्विलांस सेल और मुखबिर की सूचना पर गुरुवार को ही एसीपी गोविंदनगर विकास पांडेय, थाना प्रभारी बर्रा हरमीत सिंह व थाना प्रभारी रेल बाजार रवि श्रीवास्तव की एक टीम नोएडा रवाना हो चुकी थी।
वहां टीम ने किदवईनगर निवासी नारायण सिंह भदौरिया के नोएडा स्थित फ्लैट में दबिश देकर उसके समेत यातायात पुलिस लाइन क्वार्टर नंबर 115 निवासी रॉकी यादव और रावतपुर गांव के सैय्यदनगर निवासी गोपाल शरण चौहान को गिरफ्तार कर लिया। एसीपी विकास पांडेय ने बताया कि कानपुर लाकर उनसे पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा।
प्रॉपर्टी और डेयरी के काम से कमाई करोड़ों की संपत्ति
नारायण सिंह की किदवईनगर मेन रोड पर भोला नाम से दूध डेयरी है। साथ ही प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त भी करता है। सूत्रों के अनुसार नारायण सिंह ने अपने पद और पुलिस-प्रशासन में जानपहचान के चलते कई विवादित प्रॉपर्टी को कम दाम पर खरीदकर उन्हें ऊंचे दामों पर बेच कर करोड़ों की संपत्ति अर्जित की है। इसी धंधे में गोपाल शरण चौहान, रॉकी यादव भी थे।
ये अभी भी फरार
हिस्ट्रीशीटर मनोज सिंह समेत अब तक पांच लोगों की ही गिरफ्तारी हो चुकी है। आदित्य दीक्षित, धीरू शर्मा, रॉबिन सक्सेना, राज वल्लभ पांडेय, विकास तिवारी, बाबा ठाकुर समेत अन्य लोग अभी भी फरार हैं।
पार्टी से भी गया नारायण
भाजपा दक्षिण इकाई के जिला मंत्री पद से हटाने के बाद जांच में नारायण सिंह भदौरिया पर लगे आरोप साबित होने पर प्रदेश नेतृत्व ने उसकी प्राथमिक सदस्यता भी समाप्त कर दी है। गुरुवार को उसे पदमुक्त करने के बाद प्रदेश और क्षेत्रीय इकाई ने नारायण पर लगे आरोपों की जांच कराई थी।
जेजेपी न्यूज़ को आपकी ज़रूरत है ,हम एक गैर-लाभकारी संगठन हैं,इसे जारी रखने के लिए जितना हो सके सहयोग करें.