मध्य प्रदेश : ( सुमरा परवेज़) कानपुर एनकाउंटर में 8 पुलिसकर्मियों की शहादत के लिए ज़िम्मेदार कुख्यात विकास दुबे को गुरुवार 9 जुलाई, मध्य प्रदेश के उज्जैन से गिरफ्तार कर लिया गया।
उज्जैन के कलेक्टर आशीष सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि विकास दुबे को महाकाल मंदिर जाते हुए सुरक्षाकर्मियों ने पहचाना और तुरंत पुलिस को सूचित किया।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर विकास दुबे को गिरफ्तार किया।
आपको बता दें कि 2 जुलाई को कानपुर में कुख्यात विकास दुबे एनकाउंटर के दौरान दोनों तरफ से अंधाधुंध फायरिंग में यूपी पुलिस के 8 पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे।तभी से विकास दुबे लापता था लेकिन पुलिस उसे ढूंढने के लिए जगह-जगह दबिश डाल रही थी। इसी बीच विकास दुबे के पांच साथियों को यूपी पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर मार गिराया।
सूत्रों की माने तो विकास दुबे ने सुनियोजित तरीके से गिरफ्तारी दी है। वह सामान्य लोगों की तरह पूजा की लाइन में लगा तथा अपने नाम से उसने मंदिर में जाकर पर्ची कटाई।जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उसे पहचान कर तुरंत पुलिस को सूचना दी।
गिरफ्तारी के बाद विकास दुबे ने पुलिस को चिल्लाकर बताया कि” मैं विकास दुबे हूं कानपुर वाला”।
पुलिस का कहना है कि उससे पूछताछ की जा रही है। यूपी से पुलिस की एक टीम विकास दुबे को कानपुर लाने के लिए मध्य प्रदेश रवाना हो चुकी है।
जेजेपी न्यूज़ को आपकी ज़रूरत है ,हम एक गैर-लाभकारी संगठन हैं,इसे जारी रखने के लिए जितना हो सके सहयोग करें.